बसना

बसना और भंवरपुर क्षेत्र में चोरों का धावा, तीन जगह चोरी से मचा हड़कंप

हार्डवेयर दुकान से 22 हजार नकद, शिक्षक के घर से 85 हजार की संपत्ति और फार्म हाउस से 50 हजार के कृषि उपकरण चोरी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना/भंवरपुर। बसना थाना एवं भंवरपुर चौकी क्षेत्र में चोरी की तीन अलग-अलग वारदात सामने आई हैं। अज्ञात चोरों ने बोहारपार में हार्डवेयर दुकान का ताला तोड़कर 22 हजार रुपये नकद पार कर दिए, वहीं परसकोल में एक शिक्षक के सूने मकान से सोने की माला और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा खुर्सीपहार स्थित फार्म हाउस से लोहे के चार डबल केजव्हील चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। तीनों घटनाओं में चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है।

हार्डवेयर दुकान से 22 हजार रुपये पार: बोहारपार निवासी राधेश्याम गोयल ने शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर की शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। 1 नवंबर की सुबह ड्राइवर और दुकान स्टाफ पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर दराज में रखे करीब 22 हजार रुपये गायब थे। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में रात 1:24 से 1:27 बजे के बीच चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवक दिखाई देने की बात कही गई है। दुकान के बाहर एक अन्य व्यक्ति भी नजर आया।

शिक्षक के सूने मकान से 85 हजार की चोरी: परसकोल चौक निवासी शासकीय हाई स्कूल खोकसा के शिक्षक नंद कुमार चौहान 31 अक्टूबर की शाम घर में ताला लगाकर रामायण कार्यक्रम में गए थे। 1 नवंबर की सुबह लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर संदूक से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की पत्ती लगे लॉकेट वाली माला, जिसकी कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है, और 40 हजार रुपये नकद गायब मिले। कुल चोरी की कीमत करीब 85 हजार रुपये आंकी गई है।

फार्म हाउस से चार डबल केजव्हील चोरी: खुर्सीपहार निवासी शिवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 10:20 बजे फार्म हाउस की ओर जाते समय उन्हें दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज लगाने पर कुछ लोग टाटा एस वाहन में बैठकर बसना की ओर भाग निकले। बाद में जांच करने पर फार्म हाउस से चार लोहे के डबल केजव्हील गायब मिले, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चोरी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

Back to top button