बसना में देर रात बवाल: रात में घर का दरवाजा तोड़कर घुसने और मारपीट का आरोप, JCB से गैरेज में खड़ी दो बाइक कुचलने की शिकायत,,,मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। वार्ड क्रमांक 5 में देर रात घर में जबरन घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। एक महिला की शिकायत पर बसना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे कुछ लोग कथित रूप से घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। शिकायतकर्ता सरिता साहू का आरोप है कि आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों तथा उनके साथ रहने वाले दो लोगों के साथ मारपीट की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान महिला और एक अन्य महिला के बाल पकड़कर घसीटा गया तथा उनके कपड़े फाड़े गए। वहीं आरोपियों द्वारा JCB मशीन से कुचलने और जान से मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
गैरेज में खड़ी दो बाइक क्षतिग्रस्त करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने JCB से गैरेज में भी तोड़फोड़ की, जिससे वहां रखी दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में नामजद आरोपियों के रूप में अशोक कुमार साहू, सौरभ साहू, सुनील साहू और अर्जुन चौहान के नाम बताए गए हैं। महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान तथा आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 115(2), 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस की विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।