अपराध

बड़ी कार्रवाई: जिम की आड़ में गांजा कारोबार का आरोपी मुंगेली से गिरफ्तार

दो मामलों में 28.240 किलो गांजा बरामद, 14.92 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; ओडिशा से मुंगेली तक गांजा सप्लाई नेटवर्क की कड़ी जोड़ने में जुटी महासमुंद पुलिस

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा मंगाने वाले एक आरोपी को जिला मुंगेली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रकाश सोनी उर्फ छोटू (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, पथरिया, जिला मुंगेली है। आरोपी जिम का संचालन करता था और पुलिस का दावा है कि जिम की आड़ में गांजा कारोबार से भी जुड़ा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की थाना कोमाखान के अपराध क्रमांक 129/2026 एवं 141/2026 में संलिप्तता सामने आई है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 28.240 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये है, जब्त किया था। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, कीमत करीब 80 हजार रुपये भी जब्त किए गए हैं। इस तरह कुल 14 लाख 92 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई 23 अगस्त 2026 को कोमाखान रेलवे स्टेशन के पास की गई थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा था। पूछताछ में राहुल साहू, आयुष यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक के द्वारा गांजा रामपुर, ओडिशा से पथरिया, जिला मुंगेली ले जाने की बात सामने आई थी। इस मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इसे टच करे पढ़े: श्री गोविंद हॉस्पिटल बसना में वार्ड विभिन्न पदों पर भर्ती, 14 पदों के लिए निकली वैकेंसी

इसी तरह 2 सितंबर 2026 को एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास पुलिस ने एक महिला और एक विधि से संघर्षरत बालक को गांजा के साथ पकड़ा था। पुलिस के अनुसार दोनों गांजा जूनागढ़, ओडिशा से पथरिया, जिला मुंगेली ले जा रहे थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मेमोरेंडम में सामने आया आरोपी का नाम
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस द्वारा की गई एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन में गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर गांजा प्रकाश सोनी उर्फ छोटू के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और जिला मुंगेली के पथरिया में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पहले गिरफ्तार हो चुके हैं चार आरोपी
इस नेटवर्क से जुड़े मामले में पुलिस पहले ही राहुल साहू (25), आयुष यादव (20), कामिनी खाण्डे (20) तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर चुकी है। महासमुंद पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में तस्करी के स्रोत से लेकर गांजा पहुंचाने वाले नेटवर्क तक एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार जब्ती:
28.240 किलो गांजा — कीमत करीब 14,12,000 रुपये
4 मोबाइल फोन — कीमत करीब 80,000 रुपये
कुल जब्ती — 14,92,000 रुपये

महासमुंद पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Back to top button