अपराध

बसना/भंवरपुर: पुराने पैसे मांगने पर बुजुर्ग से मारपीट, लाठी-डंडे से हमला कर जान से मारने की,,,,,,

कर्राभौना में दुकान के पास हुई घटना, 60 वर्षीय कैलाशचन्द्र पटेल की दाहिनी आंख और उंगली के पास आई चोट

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना/भंवरपुर। पुराने पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम कुम्हारी निवासी 60 वर्षीय कैलाशचन्द्र पटेल ने कर्राभौना निवासी माधव प्रसाद सिदार पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुराने पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम कर्राभौना में कुंवर बाई की दुकान के पास हुई। शिकायतकर्ता कैलाशचन्द्र पटेल ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से दुकान के पास गुटखा लेने और पैसे देने के लिए खड़े थे। इसी दौरान कर्राभौना बस्ती की ओर से माधव प्रसाद सिदार वहां पहुंचा।

कैलाशचन्द्र के मुताबिक, उन्होंने माधव प्रसाद से पुराने पैसे लौटाने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर उसने पैसे देने से इनकार करते हुए विवाद शुरू कर दिया और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

लाठी-डंडे से मारपीट और धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने पर माधव प्रसाद सिदार ने लाठी-डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उनकी दाहिनी आंख तथा बाईं उंगली के पास चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।

भंवरपुर चौकी में दर्ज हुई शिकायत
घटना के संबंध में 23 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद भंवरपुर चौकी में दर्ज देहाती नालसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मामला थाना बसना भेजा गया। पुलिस ने BNS की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।

Back to top button