बसना

बसना: कार खराब होने पर सड़क किनारे रुके बिजली विभाग के जेई पर हमला, कार के शीशे पत्थर से तोड़े

गाली-गलौज के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप, धारदार वस्तु से कमर पर वार,साथी ने देखी घटना

बसना। नगर के साई बिहार कॉलोनी निवासी एवं सीएसपीडीसीएल भंवरपुर में कनिष्ठ यंत्री (जेई) के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। जेई ने एक व्यक्ति और उसके साथी पर अश्लील गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने, कार के आगे-पीछे के शीशे पत्थर मारकर तोड़ने तथा मारपीट कर धारदार वस्तु से हमला करने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दी शिकायत में अंकित भोई, निवासी वार्ड नंबर 11, साई बिहार कॉलोनी बसना ने बताया कि वह 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे अपनी कार क्रमांक CG 06 GU 7992 से साथी हरीश पटेल के साथ जा रहे थे। इसी दौरान फोकटपारा तालाब के पास उनकी कार अचानक खराब होकर बंद हो गई।

शिकायत के अनुसार अंकित कार को दोबारा चालू करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ओमी ढाभरा अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने सड़क पर कार खड़ी करने की बात को लेकर उनके साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। जेई द्वारा कार खराब होने और चालू नहीं होने की बात बताने के बावजूद कथित रूप से गाली-गलौज जारी रही।

अंकित ने आरोप लगाया कि इसके बाद ओमी ढाभरा और उसके साथी ने कार के आगे और पीछे के शीशों पर पत्थर मारकर उन्हें तोड़ दिया। इसके बाद ओमी ढाभरा ने हाथ-मुक्के से मारपीट की और अपने पास रखी किसी धारदार वस्तु से कमर के पीछे वार कर दिया। हमले में चोट लगने से खून निकलने की बात भी शिकायत में कही गई है।

घटना के दौरान अंकित के साथ मौजूद हरीश पटेल ने पूरी घटना को देखा और सुना, जिसे शिकायत में प्रत्यक्षदर्शी के रूप में बताया गया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले को दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों, तोड़फोड़ और मारपीट से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Back to top button