बसना

बसना: सिगरेट मांगने से शुरू हुआ विवाद, ढाबा संचालक से मारपीट कर तोड़फोड़ का आरोप

दो युवकों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और लकड़ी की पटनी से हमला करने का आरोप

बसना। वार्ड नंबर 14 बसना में स्थित गौरी लक्ष्मी ढाबा में देर रात सिगरेट मांगने को लेकर विवाद होने और ढाबा संचालक के साथ मारपीट एवं तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में ढाबा संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

शिकायत के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजे पुरुषोत्तम अग्रवाल अपने गौरी लक्ष्मी ढाबा में बैठे हुए थे। इसी दौरान बरगांव निवासी साहिल कुमार और खेमड़ा निवासी रूपेश सेन्दरिया ढाबे के पास पहुंचे और वहां काम करने वाले राज चौहान से सिगरेट मांगने लगे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों युवक राज चौहान पर चिल्ला रहे थे, जिस पर पुरुषोत्तम अग्रवाल ने उन्हें चिल्लाने से मना किया।

आरोप है कि इस बात को लेकर दोनों युवकों ने विवाद करते हुए शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद साहिल कुमार ने पास में रखी लकड़ी की पटनी से मारपीट की, जबकि रूपेश सेन्दरिया ने हाथ-मुक्के से हमला किया।

शिकायत में आगे बताया गया है कि मारपीट के दौरान साहिल कुमार ने ढाबे में रखी कुर्सियों और बर्तनों को इधर-उधर फेंककर तोड़फोड़ भी की। हमले में पुरुषोत्तम अग्रवाल के सिर में चोट लगने से खून निकल आया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगने से दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है।

घटना के दौरान ढाबे में काम करने वाले राज चौहान, किशोर वर्मा और निर्मल दास के द्वारा घटना को देखे-सुने जाने का उल्लेख भी शिकायत में किया गया है। मारपीट और तोड़फोड़ के बाद दोनों युवक मौके से चले गए।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button