सरायपाली

सरायपाली: पत्नी की मौत के बाद घर छोड़कर गया परिवार, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया मकान

शोक कार्यक्रम के बाद लौटे परिवार को घर में मिली चोरी की जानकारी, सिंघोड़ा पुलिस ने छुईपाली के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली । परिवार में पत्नी के निधन से पसरे मातम के बीच एक व्यक्ति के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। घर के सभी कमरों के ताले तोड़कर चोर दो टीवी, सीसीटीवी सिस्टम और नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। मामले की जांच में जुटी सिंघोड़ा पुलिस ने गांव के ही दो संदेहियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की संपत्ति बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत 32 हजार 780 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तुलसीराम धृतलहरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी शांतिबाई धृतलहरे का 15 अक्टूबर 2026 को रायपुर में निधन हो गया था। इसके बाद वह परिवार सहित अपने मूल गांव गर्रा, जिला बेमेतरा चले गए थे। पत्नी के दशकर्म कार्यक्रम के बाद 11 नवंबर को जब वह शाम करीब 4:30 बजे छुईपाली स्थित अपने घर लौटे, तो मकान के सभी कमरों के ताले टूटे मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं।

प्रार्थी की शिकायत पर सिंघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) और 331(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस चोरी गए सामान और आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान छुईपाली निवासी आकाश साव (21) और जोगेश्वर बरिहा (40) को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनके बताए अनुसार, 3 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे उन्होंने तुलसीराम धृतलहरे के सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। वहां से 43 इंच और 32 इंच के दो गूगल टीवी, सीसीटीवी का डीवीआर, मॉनिटर और नकदी चोरी की गई थी।

आरोपी आकाश साव की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से दोनों टीवी और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए। वहीं जोगेश्वर बरिहा के घर से सीसीटीवी डीवीआर और मॉनिटर जब्त किया गया। इसके अलावा आरोपियों से 2,780 रुपये नकद और एक सिम राउटर भी बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बरामद संपत्ति में 43 इंच का टीवी, 32 इंच का टीवी, सीसीटीवी डीवीआर, मॉनिटर, सिम राउटर और नकदी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी की कुल कीमत 32,780 रुपये है।

Back to top button