खास खबरें

बसना: टिकरापारा खुले में घूम रहे पालतू कुत्ते ने सैलून संचालक को काटा, मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

पहले भी एक व्यक्ति को काटने का आरोप, पैर में चोट लगने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। नगर के टिकरापारा इलाके में पालतू कुत्ते को खुले में छोड़ने से जुड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि सड़क पर खुले घूम रहे एक पालतू कुत्ते ने रास्ते से गुजर रहे सैलून संचालक पर हमला कर उनके दाहिने पैर में घुटने के नीचे काट लिया। घटना में उन्हें चोट आई और खून निकलने लगा। पीड़ित की शिकायत पर बसना पुलिस ने कुत्ते के मालिक सुभाष अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 291 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आवेदन में वार्ड क्रमांक 13, टिकरापारा निवासी योगेश सेन (30) ने बताया कि 21 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपनी सैलून दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टिकरापारा स्कूल के पास सुभाष अग्रवाल के घर के सामने से गुजरते समय वहां सड़क पर खुला घूम रहा काले रंग का पालतू कुत्ता अचानक उन पर झपट पड़ा और दाहिने पैर में काट लिया। इससे उनके पैर में गहरा घाव हो गया।

योगेश सेन का आरोप है कि संबंधित कुत्ते ने इससे पहले 7 नवंबर को मोहल्ले के ही मनोज बेहरा को भी पैर में काटा था। इसके बावजूद कुत्ते को बांधकर रखने या लोगों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद जब उन्होंने कुत्ते के मालिक से उसे बांधकर रखने की बात कही तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

कुत्ते के काटने के बाद योगेश सेन इलाज कराने अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने एंटी रेबीज का टीका भी लगवाया। इसके बाद 23 नवंबर को बसना थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आवेदन में उल्लेखित तथ्यों के आधार पर धारा 291 BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

खबर में कुत्ते के मालिक के कथित जवाब और पहले हुई घटना को शिकायतकर्ता के आरोप के रूप में ही रखा गया है। पुलिस जांच के बाद ही इनकी पुष्टि होगी।

Back to top button