बसना

बसना: बाइक की डिक्की में छिपाकर ला रहे थे गांजा, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

थाने के सामने पदमपुर रोड पर पुलिस ने की नाकेबंदी, बाइक और मोबाइल सहित 1.87 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो लोगों को बसना पुलिस ने पदमपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पैकेटों में रखा कुल 2.954 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 47 हजार 700 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 87 हजार 700 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को प्रशिक्षु उप निरीक्षक अंजली प्रधान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पदमपुर, ओडिशा की ओर से एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल में दो व्यक्ति गांजा लेकर बसना की तरफ आ रहे हैं। सूचना से थाना प्रभारी शरद दुबे को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पदमपुर रोड पर थाना बसना के सामने नाकेबंदी की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GE 2059 के साथ दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर चालक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जितेन्द्र प्रधान (44 वर्ष), निवासी गोहेदादर और सहदेव धवाल (66 वर्ष), निवासी बाराडोली के रूप में हुई। दोनों गांव भंवरपुर चौकी क्षेत्र के बताए गए हैं।

वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में रखे तीन हरे रंग के पॉलिथीन थैलों से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पहले थैले में 980 ग्राम, दूसरे में 992 ग्राम और तीसरे में 982 ग्राम गांजा मिला। इस तरह कुल 2 किलो 954 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाना बताया। गांजा परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GE 2059, जिसकी कीमत 30 हजार रुपये और एक रियलमी मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर 23 नवंबर की रात गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Back to top button