खास खबरें

नई दिल्ली: WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए गृह मंत्रालय का अलर्ट, एक गलती से लीक हो सकती है निजी चैट; तुरंत करें ये काम

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। नई दिल्ली। अगर आप ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं तो थोड़ी सी लापरवाही आपके लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने व्हाट्सऐप यूजर्स को सतर्क करते हुए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉग-इन सेशन खुला छोड़ना निजी जानकारी और अकाउंट की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

ब्राउजर बंद करना नहीं है लॉगआउट का विकल्प
साइबर सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, कई लोग कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप चलाने के बाद केवल ब्राउजर का टैब या पूरी विंडो बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि इससे उनका अकाउंट भी बंद हो गया होगा, जबकि ऐसा जरूरी नहीं है। यदि लॉग-इन सेशन सक्रिय रह जाता है तो उसी कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति आपके व्हाट्सऐप अकाउंट तक पहुंच सकता है।

ऐसी स्थिति में कोई अनधिकृत व्यक्ति आपकी निजी बातचीत पढ़ने के साथ आपके नाम से दूसरों को संदेश भेज सकता है। इतना ही नहीं, कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट तक भी उसकी पहुंच हो सकती है।

आपके अकाउंट से हो सकती है ऑनलाइन ठगी
इस तरह की लापरवाही का फायदा साइबर ठग उठा सकते हैं। वे आपके परिचितों और रिश्तेदारों को आपके ही व्हाट्सऐप अकाउंट से संदेश भेजकर पैसों की मांग कर सकते हैं। फर्जी लिंक भेजकर बैंकिंग जानकारी हासिल करने या अन्य साइबर धोखाधड़ी करने की कोशिश भी हो सकती है।

ऐसे मामलों में लोगों को शक होने की संभावना कम रहती है, क्योंकि संदेश किसी अनजान नंबर के बजाय उनके परिचित व्यक्ति के वास्तविक अकाउंट से पहुंचता है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठग अपने मंसूबों को अंजाम दे सकते हैं।

साइबर एजेंसी ने साझा किए जरूरी सुरक्षा निर्देश
I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर 2026 को जारी एडवाइजरी में साझा और सार्वजनिक कंप्यूटरों पर व्हाट्सऐप इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। एजेंसी के मुताबिक साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर और दूसरे लोगों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग-इन करने से बचना चाहिए।

यदि किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करना जरूरी हो तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का सहारा लिया जा सकता है। हालांकि, इससे भी मैन्युअल लॉगआउट की जरूरत खत्म नहीं होती। काम पूरा होने के बाद अकाउंट से लॉगआउट करना बेहद जरूरी है। इसके अलावा ऐसे कंप्यूटर पर सरकारी, वित्तीय या गोपनीय दस्तावेज साझा करने से भी बचना चाहिए।

फोन से ऐसे चेक करें आपका WhatsApp कहां-कहां लॉगिन है

यूजर्स अपने मोबाइल फोन के जरिए यह पता लगा सकते हैं कि उनका व्हाट्सऐप अकाउंट किन-किन डिवाइस से जुड़ा हुआ है।

इसके लिए ये आसान तरीके अपनाएं:
1. सबसे पहले अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें।
2. एंड्रॉयड फोन में ऊपर दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू पर जाएं। आईफोन में Settings खोलें।
3. अब Linked Devices विकल्प पर क्लिक करें।
4. यहां आपके अकाउंट से जुड़े कंप्यूटर और अन्य डिवाइस की जानकारी दिखाई देगी।
5. यदि कोई अनजान या ऐसा डिवाइस दिखाई देता है जिसका आप इस्तेमाल नहीं करते तो उसे चुनकर Log Out कर दें।

इन सावधानियों को भी न करें नजरअंदाज
साइबर सुरक्षा एजेंसी ने मोबाइल और कंप्यूटर यूजर्स को अपने डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम तथा इंटरनेट ब्राउजर को नियमित रूप से अपडेट रखने की सलाह दी है। अनजान फाइल डाउनलोड करने और संदिग्ध सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने से भी बचना चाहिए।

यदि आपके व्हाट्सऐप अकाउंट से ऐसे संदेश भेजे जा रहे हैं जिनकी जानकारी आपको नहीं है, तो तुरंत Linked Devices की जांच करें और अनजान सेशन को बंद कर दें। थोड़ी सी सतर्कता आपके निजी संदेशों, जरूरी दस्तावेजों और परिचितों को ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है।

Back to top button