बसना में सड़क हादसा: मंडी ड्यूटी पर जा रहे दो भाइयों की बाइक को दूसरी मोटरसाइकिल ने मारी टक्कर, एक गंभीर
पलसापाली बेरियर के पास पदमपुर रोड पर हुआ हादसा, गंभीर घायल युवक रायपुर के अस्पताल में भर्ती; दूसरा उपचार के बाद डिस्चार्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। बसना क्षेत्र में सड़क हादसे में मंडी में रात्रि ड्यूटी पर जा रहे दो भाई घायल हो गए। पलसापाली बेरियर के पास पदमपुर रोड पर सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। वहीं दूसरे युवक को सामान्य चोटें आई हैं।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे अक्षय सिदार अपने भाई मोहन सिदार के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG13 R 4117 से चिमरकेल मंडी में रात्रि ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पलसापाली बेरियर के पास पदमपुर रोड पर विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GR 2252 के चालक छोटू साव पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मारने का आरोप है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अक्षय और मोहन दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद दूसरी मोटरसाइकिल का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर वहां से चला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। यहां मोहन सिदार को सामान्य चोटें होने पर उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अक्षय के दाहिने पैर, कमर के दाहिने हिस्से और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें रायपुर रेफर किया गया। परिजन उन्हें अग्रवाल अस्पताल रायपुर ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक छोटू साव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(क) एवं 281 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।