बेमेतरा में प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह: अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर को मिला ‘विधि रत्न 2026’ और ‘कॉमेडी कवि सम्मान’

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बेमेतरा। छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ जिला इकाई बेमेतरा के तत्वावधान में 16 नवंबर 2026 को टाउन हॉल, दुर्ग रोड बेमेतरा में प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह, पुस्तक विमोचन एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के अधिवक्ता, सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता, कवि एवं लेखक अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर को उनकी बहुमुखी प्रतिभा और सामाजिक-साहित्यिक योगदान के लिए दो विशिष्ट सम्मानों से नवाजा गया। उन्हें ‘विधि रत्न सम्मान 2026’ तथा ‘एंटरटेनर ऑफ द बेस्ट कॉमेडी कवि सम्मान 2026’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद रजक उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने की। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच संघ बेमेतरा के अध्यक्ष लालन यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष डब्लू ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप, प्रदेश महासचिव पंकज खंडेलवाल, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर साहू, संपादक श्रवण घृतलहरे, प्रेस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, तरुण पटेल, विजय कुमार देशलहरे, भूषण श्रीवास एवं पंडित विद्याशंकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
समारोह के दौरान अतिथियों के करकमलों से राष्ट्रीय शायरी साझा संग्रह ‘हमारी शायरी हमारी डायरी’ का विमोचन किया गया। हिंदी, उर्दू एवं छत्तीसगढ़ी भाषाओं में प्रकाशित इस साझा संग्रह में साहित्यिक अभिव्यक्तियों को स्थान दिया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों, संपादकों, कवियों, साहित्यकारों, कलाकारों, शिक्षकों, समाजसेवियों तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन के प्रथम सत्र का मंच संचालन अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर ने किया। वहीं दूसरे सत्र में छत्तीसगढ़ कलमकार मंच मस्तूरी, बिलासपुर के प्रदेशाध्यक्ष उपाध्यक्ष जुगेश बंजारे ने मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। पूरे आयोजन में साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक तस्वीरें खिंचवाईं। अंत में जगदीश प्रसाद घृतलहरे ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन ने पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक साझा मंच प्रदान किया। अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर को एक ही मंच पर दो अलग-अलग क्षेत्रों में सम्मान मिलना उनके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।