CG: दशगात्र से लौट रहे पति-पत्नी को स्कूल बस ने रौंदा, दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत
दुर्ग जिले के पाटन में स्कूल बस ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। दंपती दशगात्र कार्यक्रम से घर लौट रहे थे।

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | भिलाई । दुर्ग जिले के पाटन में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों ग्राम कौही में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव भुरकुनी लौट रहे थे। इसी दौरान अमलेश्वर रोड पर सामने से आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
19 नवंबर की शाम हादसा
यह हादसा 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे पाटन में महामाया चौक के आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास हुआ। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, द्रोणाचार्य साहू अपनी पत्नी तामेश्वरी साहू के साथ बाइक क्रमांक CG04QN7116 से ग्राम कौही, रानीतराई से अपने गांव भुरकुनी लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूल बस क्रमांक CG04-RC-1135 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर गिर पड़े पति-पत्नी
बताया गया है कि बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद की और 112 की सहायता से घायलों को पाटन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज से उनकी जान बच जाएगी, लेकिन उपचार के दौरान तामेश्वरी ने भी दम तोड़ दिया।
तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाने का आरोप
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल बस चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप है। इसी दौरान बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।