बसना में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई,अवैध शराब के चार मामले दर्ज; बाइक समेत 17 लीटर शराब जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में बसना आबकारी टीम ने 19 नवंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल चार प्रकरण दर्ज किए। इस दौरान टीम ने कुल 17 लीटर अवैध मदिरा जब्त की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3,400 रुपये बताई गई है। वहीं शराब परिवहन में प्रयुक्त एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में अवैध महुआ शराब का परिवहन करते हुए आशीष कुमार (21 वर्ष), पिता चंद्रमणि कुमार, निवासी केशरीपुर नवागांव, थाना बसना को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब एवं बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम सिरको निवासी धनेश्वर चौहान (38 वर्ष) के कब्जे से 4 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। तीसरे प्रकरण में ग्राम कलमीदादर निवासी संपत लाल सिदार (46 वर्ष) के पास से 3 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। उसके विरुद्ध भी धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा ग्राम सिरको निवासी गणेश राम साहू (61 वर्ष) के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण कायम कर 100 मिलीलीटर मदिरा जब्त की गई।
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
बसना आबकारी उपनिरीक्षक हृदय कुमार तिरपुड़े ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभाग पूरी सख्ती से काम करेगा।
उक्त कार्रवाई में बसना आबकारी उपनिरीक्षक हृदय कुमार तिरपुड़े, प्रधान आरक्षक राजकिशोर पाण्डेय,आबकारी आरक्षक भारती काशी, देवेश मांझी एवं संयुक्त आबकारी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।