सरायपाली

सरायपाली: CCTV फुटेज से खुला सड़क हादसे का मामला, KIA कार की टक्कर से शिक्षक की मौत,चालक पर FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। नवरंगपुर-सारंगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार KIA कार की टक्कर से जान गंवाने वाले बसना ब्लॉक के ग्राम केंवटापाली निवासी शिक्षक कैलाश साहू (45 वर्ष) के मामले में सरायपाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। हादसा 18 नवंबर की शाम करीब 4:15 बजे ग्राम नवरंगपुर स्थित सिंघल फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने हुआ था। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। अब पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पेट्रोल पंप में लगे CCTV फुटेज के अवलोकन के आधार पर कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केंवटापाली निवासी कैलाश साहू ग्राम अचानकपाली के स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। 18 नवंबर को वे स्कूल से अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CF 0292 से घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:15 बजे ग्राम नवरंगपुर स्थित सिंघल फ्यूल्स से मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने के बाद वे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही KIA कार क्रमांक CG 04 QP 1854 के चालक ने कथित तौर पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैलाश साहू के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए डायल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की रिपोर्ट मृतक के साढ़ू भाई पिंकु साहू (43 वर्ष), निवासी सागर स्टेट सरायपाली ने थाने में दर्ज कराई थी।

CCTV फुटेज और गवाहों के बयान से हुई पुष्टि
मामले में सरायपाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 194 BNSS में मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही ग्राम नवरंगपुर के सिंघल फ्यूल्स में लगे CCTV कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया और गवाहों के कथन दर्ज किए गए। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि KIA कार चालक की तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें कैलाश साहू की जान चली गई।

कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
मर्ग जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर सरायपाली पुलिस ने KIA कार क्रमांक CG 04 QP 1854 के चालक के विरुद्ध धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। हादसे में शिक्षक कैलाश साहू की असामयिक मौत से ग्राम केंवटापाली सहित क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Back to top button