25% हिस्सेदारी का सपना, 3.42 करोड़ का निवेश और फिर पब बंद! बिलासपुर के कारोबारियों के साथ कथित धोखाधड़ी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बिलासपुर। हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब कारोबार शुरू कर मोटी कमाई का सपना दिखाकर बिलासपुर के कारोबारियों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबार में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और मुनाफे में भागीदारी का भरोसा दिलाकर तीन कारोबारियों से कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये निवेश कराए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो निवेशकों को विधिवत साझेदार बनाया गया और न ही कारोबार का हिसाब दिया गया। पब बंद होने के बाद जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी, तो कथित तौर पर टालमटोल शुरू कर दी गई। मिडिया रिपोट्स के अनुसार मामले में तारबाहर पुलिस ने जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुलाकात से शुरू हुआ करोड़ों के निवेश का खेल
तारबाहर पुलिस के अनुसार, लिंक रोड तारबाहर निवासी शिखर सराफ (38) ने अपने साथी रितेश शाह के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात शेषम कौर से हुई थी। इसके बाद शेषम कौर और जयवीर सिंह सभरवाल ने हैदराबाद में ‘डायब्लो’ नाम से रेस्टोरेंट एवं पब कारोबार शुरू करने की योजना बताई। आरोपियों ने खुद को ‘प्राशी वेंचर्स एलएलपी’ का अधिकृत प्रतिनिधि बताते हुए कारोबार में निवेश करने पर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और मुनाफे में भागीदारी देने का प्रस्ताव रखा।
एग्रीमेंट कर निवेश कराया, तीन कारोबारियों ने लगाई करोड़ों की रकम
आरोपियों के प्रस्ताव और भरोसे में आकर कारोबारियों ने निवेश करने की सहमति दी। 10 जनवरी 2025 को निवेश को लेकर एग्रीमेंट भी किया गया। समझौते में 3 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये निवेश के बदले 25 प्रतिशत स्वामित्व और मुनाफे में हिस्सेदारी देने की बात तय हुई थी।
शिकायत के मुताबिक, शिखर सराफ ने अलग-अलग किस्तों में 1 करोड़ 45 लाख रुपये, रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख रुपये और सक्षम श्रीवास्तव ने 62 लाख 50 हजार रुपये निवेश किए। इस प्रकार कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये प्राशी वेंचर्स एलएलपी के हैदराबाद स्थित बैंक खाते में जमा कराए गए।
न हिस्सेदारी मिली, न कारोबार का हिसाब
निवेशकों का आरोप है कि करोड़ों रुपये लेने के बाद भी उन्हें एलएलपी में औपचारिक रूप से साझेदार नहीं बनाया गया। बाद में पता चला कि नए साझेदार जोड़ने के लिए कंपनी के अन्य साझेदारों से आवश्यक सहमति भी नहीं ली गई थी। कुछ समय बाद पब का कारोबार बंद हो गया, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई।
जब कारोबारियों ने अपनी निवेश की रकम, आय-व्यय और कारोबार का पूरा हिसाब मांगा, तो आरोप है कि दोनों आरोपी जवाब देने के बजाय टालमटोल करने लगे। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि किराया बकाया रखा गया, वेंडरों का भुगतान नहीं किया गया और वित्तीय रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए गए। निवेशकों को आशंका है कि उनकी रकम का इस्तेमाल बताए गए कारोबार के अलावा अन्य गतिविधियों में किया गया हो सकता है।
बैंक खातों और लेन-देन की जांच की मांग
पीड़ित कारोबारियों ने पुलिस से बैंक खातों, क्यूआर कोड से हुए भुगतान, निवेश से जुड़े दस्तावेजों और अन्य वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। करोड़ों रुपये के निवेश, हिस्सेदारी के वादे, कारोबार बंद होने और निवेश की रकम के हिसाब को लेकर उठे सवालों के बीच अब जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।