महासमुंद

महासमुंद: नन्हे हाथों में खिलौने आए, चेहरों पर बिखरी मुस्कान… स्नेह और अपनत्व से सजा आंगनबाड़ी का आंगन

समाज सेवी डॉ. एकता लंगेह ने बच्चों को दिए खिलौने और पोषण किट, नेवता भोज में बच्चों के साथ बिताए आत्मीय पल

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़।महासमुंद। बचपन की खुशियां बहुत छोटी-छोटी चीजों में छिपी होती हैं। कभी एक खिलौना, कभी अपनों का स्नेह तो कभी साथ बैठकर भोजन करने का अवसर बच्चों के लिए अनमोल बन जाता है। ऐसा ही खुशियों और अपनत्व से भरा दृश्य आज नयापारा के आंगनबाड़ी केंद्र में देखने को मिला, जहां नन्हे बच्चों के हाथों में नए खिलौने पहुंचे तो उनकी आंखों में चमक और चेहरों पर खिलखिलाहट बिखर गई। किसी ने खिलौना कार थामी तो कोई लूडो और पजल्स के साथ खेलने में मगन हो गया। बच्चों के लिए आयोजित नेवता भोज ने इस आयोजन को और भी आत्मीय बना दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र नयापारा (महासमुंद) में नयापारा क्षेत्र के छह आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. एकता लंगेह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला महिला बाल विकास अधिकारी राजीव पांडेय एवं पर्यवेक्षक शीला प्रधान भी मौजूद रहे।

खिलौनों के साथ बच्चों को मिला पोषण और सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में डॉ. एकता लंगेह ने बच्चों को लूडो, खिलौना बाइक, कार, माइंड गेम और पजल्स सहित विभिन्न खिलौने वितरित किए। साथ ही बच्चों को पोषण किट भी प्रदान की गई। खिलौने पाकर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ उनके खेल, सीखने और स्वस्थ विकास को प्रोत्साहित करने के ध्येय को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को स्वादिष्ट और पोषण आहार खिलाया गया ।बच्चों ने इस सामूहिक भोज का आनंद उठाया।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा बच्चों के लिए सबसे महत्वपूर्ण
बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए डॉ. एकता लंगेह ने उनके शारीरिक और मानसिक विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही अभिभावकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छ वातावरण और संतुलित पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही उनके बेहतर भविष्य की बुनियाद है। उन्होंने शिक्षा को जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग बताते हुए उसके विकास के लिए जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला महिला बाल विकास अधिकारी राजीव पांडेय ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक विकास, टीकाकरण, स्वास्थ्य देखभाल और खेल-खेल में शालेय पूर्व शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं।

कार्यक्रम का संचालन तारिणी चंद्राकर द्वारा किया गया। पर्यवेक्षक शीला प्रधान ने अतिथियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता निरंजना चंद्राकर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री रजक, रूपा भारती, अंजू चंद्राकर, ललिता ठाकुर, भारती रेड्डी, हीना तंदवीर सहित सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Back to top button