सरायपाली/सिंघोड़ा: माजदा ट्रक से 77.620 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार
गांजा, ट्रक और मोबाइल सहित 48.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे मादक पदार्थ

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। सरायपाली। महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 77.620 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त आयशर माजदा ट्रक और दो मोबाइल फोन सहित कुल 48 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक गेरुआ रंग के आयशर माजदा प्रो 3019 ट्रक क्रमांक MH 45 AE 9708 में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजे का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।
वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम गणेश शिंदे पिता गौतम शिंदे (35 वर्ष), निवासी आवडी, थाना मोहड, जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) तथा रविराज बालू सुडके पिता बालू सुडके (19 वर्ष), निवासी भिकवडी आडगांव, थाना विट्टा, जिला सांगली (महाराष्ट्र) बताया। पूछताछ एवं वाहन की तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में रखी तीन बोरियों से कुल 77.620 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने गांजा जिला सोनपुर (ओडिशा) से लोड कर जिला सोलापुर (महाराष्ट्र) ले जाना बताया।
पुलिस ने मौके से 77.620 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 38 लाख 81 हजार रुपये है, तस्करी में प्रयुक्त आयशर माजदा ट्रक कीमत 10 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमत 14 हजार रुपये सहित कुल 48 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत धारा 20(बी)(II)(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा अब गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोत, इसे मंगाने वाले लोगों तथा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पतासाजी की जा रही है।