बसना

बसना: ओडिशा से बलेनो कार में ला रहे थे नशीली सीरप और टैबलेट, बसना पुलिस ने पांच आरोपी को किया गिरफ्तार

पदमपुर रोड पर पुलिस की नाकाबंदी देख भागने की कोशिश, 15 शीशी कोडीन सीरप और 90 नशीली टैबलेट बरामद; कार-मोबाइल सहित 5.78 लाख का मशरूका जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। ओडिशा से बलेनो कार में प्रतिबंधित नशीली सीरप और टैबलेट का अवैध परिवहन कर रहे पांच आरोपियों को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) एवं बसना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 शीशी कोडीन युक्त सीरप, नशीली दवा निटरजेपम की 90 टैबलेट, परिवहन में इस्तेमाल की गई बलेनो कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 5 लाख 78 हजार 765 रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पदमपुर (ओडिशा) की ओर से नीले रंग की बलेनो कार क्रमांक CG 04 PA 9622 में कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली सीरप और टैबलेट लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस की टीम ने पदमपुर रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और नंबर की नीले रंग की बलेनो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस को देखकर कार पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे एक थैले से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं।

तलाशी के दौरान कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त सीरप की 15 प्लास्टिक शीशियां मिलीं, जिनमें प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी। इसके अलावा निटरजेपम (Nitrazepam Tablets IP) की 9 पत्तियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 90 टैबलेट थीं। पुलिस के अनुसार, इन दवाओं के रखे जाने और परिवहन के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 शीशी प्रतिबंधित सीरप, 90 नशीली टैबलेट, बलेनो कार और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 5,78,765 रुपये का मशरूका जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 642/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में अपराध पंजीबद्ध कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

रायपुर, ओडिशा और मुंगेली के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन कुमार वर्मा (27) निवासी सिलतरा, जिला रायपुर, सूरज पुष्टी (21) निवासी कांटाभांजी, जिला बलांगीर (ओडिशा), मनीष साहू (31) निवासी तेलीबांधा, जिला रायपुर, नितेश कुमार बारले (20) निवासी सिलतरा, जिला रायपुर तथा अजय कुमार साहू (40) निवासी सारगांव साबा, जिला मुंगेली शामिल हैं।

टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना बसना के सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद भोई, आरक्षक संजय रात्रे, परसराम भास्कर, तिलक साहू एवं संतोष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा जिले में अवैध नशीली दवाओं के परिवहन और कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button