महासमुंद

महासमुंद: बस स्टैंड से चोरी हुई सुपर स्प्लेंडर बरामद, 42 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा, बिना नंबर प्लेट के चला रहा था चोरी की बाइक; करीब 30 हजार रुपये कीमत का वाहन जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। शहर के बस स्टैंड से चोरी हुई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के मामले में महासमुंद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्रे-काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी बिना नंबर प्लेट के मोटरसाइकिल चला रहा था, तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 07 नयापारा महासमुंद निवासी अंशुल द्विवेदी ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच बस स्टैंड महासमुंद से उनकी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GQ 7529 चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 678/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने मुरारी ध्रुव (42), निवासी वार्ड क्रमांक 25, कुम्हारपारा महासमुंद को बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से ग्रे-काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की। वाहन का चेचिस नंबर MBLJAW091K9J55285 और इंजन नंबर JA05EGK9J17126 बताया गया है। मामले में अपराध के साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को 13 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का खुलासा हुआ और चोरी का वाहन भी बरामद कर लिया गया।

Back to top button