बेटी के जन्मदिन पर मिश्रा परिवार ने स्कूल के बच्चों के साथ बांटी खुशियां, कराया अतिथि भोज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। बेटी का जन्मदिन केवल अपने परिवार तक सीमित न रखकर जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां बांटने की अनूठी पहल दिनेश मिश्रा एवं श्रीमती अमृता मिश्रा ने की। 13 नवंबर को अपनी पुत्री अवनी मिश्रा के जन्मदिन के अवसर पर मिश्रा परिवार ने शासकीय प्राथमिक शाला खेमड़ा में सपरिवार पहुंचकर बच्चों के बीच जन्मदिन का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर परिवार की ओर से विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष अतिथि भोज की व्यवस्था की गई। इसमें पनीर, मिठाई, दाल-भात, सब्जी, पापड़ सहित विभिन्न व्यंजन परोसे गए। साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विद्यालय परिवार की परंपरा के अनुसार बच्चों के जन्मदिन का शुभारंभ भारत माता के पूजन एवं आरती के साथ किया गया। इसके पश्चात बच्चों को तिलक लगाकर उपहार प्रदान किए गए। इस अनूठी पहल से मिश्रा परिवार के सभी सदस्य काफी प्रसन्न नजर आए। परिवार ने बच्चों के साथ भोजन मंत्र का उच्चारण कर सामूहिक रूप से भोजन किया।
इस अवसर पर दिनेश मिश्रा एवं श्रीमती अमृता मिश्रा ने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे अपने पारिवारिक उत्सवों, जन्मदिन एवं अन्य शुभ अवसरों पर विद्यालय के बच्चों को भी शामिल करें, ताकि बच्चों के साथ खुशियां बांटने के साथ ही शिक्षा और विद्यालय के प्रति सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिल सके।
मिश्रा परिवार की ओर से भूपति मिश्रा, श्रीमती बसंती मिश्रा, छोटी बेटी आरोही मिश्रा, विकास सिंह चंद्रा, अमित कुमार पटेल, ऋषिकेश पटेल एवं विनय साहू सहित अन्य मित्र उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठक लोकनाथ बगर्ती, शिक्षिका थान कुमारी वैष्णव एवं वीरेंद्र कुमार कर का विशेष सहयोग एवं सानिध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मिश्रा परिवार ने अपनी पुत्री अवनी मिश्रा के नाम पर विद्यालय परिसर में गार्डन विकसित करने के उद्देश्य से पांच पौधे लगाने का संकल्प भी लिया। इस पहल की ग्राम के ग्रामीणों ने सराहना करते हुए मिश्रा परिवार को बधाई दी। साथ ही विद्यालय के विकास में समाज के सभी लोगों द्वारा इसी प्रकार सहयोग करने का संकल्प लिया गया।
बेटी के जन्मदिन पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने और शिक्षा के मंदिर के विकास में योगदान देने की मिश्रा परिवार की यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बन गई।