सरायपाली

सरायपाली: मेढ़ापाली में पटाखा फोड़ने से मना करना पड़ा भारी! किसान को गली में घसीटकर पीटा, बेल्ट से वार करने का भी आरोप

मेढ़ापाली में देर रात हुआ विवाद, चार लोगों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत; बीच-बचाव कर ग्रामीणों ने छुड़ाया

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। ग्राम मेढ़ापाली में घर के सामने पटाखा फोड़ने से मना करने पर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के एक किसान ने चार लोगों पर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के, लात, चप्पल और बेल्ट से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मारपीट में किसान के गले, कमर और नाक के पास चोट लगने की बात सामने आई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम मेढ़ापाली निवासी परमानंद पटेल 8 नवंबर 2026 की रात खाना खाने के बाद अपने घर के सामने गली में बैठा हुआ था। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे गांव का मुकेश पटेल उसके घर के सामने पटाखे फोड़ रहा था। परमानंद ने जब उसे पटाखे फोड़ने से मना किया, तो विवाद शुरू हो गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुकेश पटेल के साथ आए योगेश पटेल, यशवंत पटेल और प्रकाश पटेल ने मिलकर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, लात और चप्पल से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि योगेश पटेल ने बेल्ट से भी हमला किया और उसे गली में घसीटा।

घटना देखकर गांव के जेठू पटेल, सुमित्रा पटेल और पुनई पटेल मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। शिकायतकर्ता ने बताया कि मारपीट के कारण उसके बाएं गले, कमर और नाक के पास चोट आई है। परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद उसने 9 नवंबर 2026 को थाना सरायपाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

Back to top button