पिथौरा: लाखागढ़ में जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चोरी, 35 हजार नकद और हजारों के सिगरेट पैकेट गायब
बंसल जनरल स्टोर्स को अज्ञात चोरों ने बनाया निशाना, दुकानदार ने पिथौरा थाने में दर्ज कराई शिकायत

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | पिथौरा। ग्राम लाखागढ़ में अज्ञात चोरों ने एक जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए दुकान का ताला तोड़कर नगदी रकम और सिगरेट के पैकेट चोरी कर लिए। चोरी गई नगदी की कीमत करीब 30 से 35 हजार रुपये तथा सिगरेट के पैकेटों की अनुमानित कीमत 8 से 10 हजार रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, लाखागढ़ वार्ड क्रमांक 10 निवासी सुमित बंसल पिता सुभाष बंसल की गांव में बंसल जनरल स्टोर्स नाम से दुकान है। दुकानदार द्वारा पिथौरा थाने में दिए गए लिखित आवेदन के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे से 6 नवंबर की सुबह 5:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह दुकान पहुंचने पर ताला टूटा मिला और जांच करने पर दुकान में रखी करीब 30 से 35 हजार रुपये की नगदी तथा हाल ही में मंगाए गए सिगरेट के पैकेट गायब मिले। दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सिगरेट पैकेटों की सही संख्या का पता नहीं चल पाया है, लेकिन उनकी अनुमानित कीमत 8 से 10 हजार रुपये के आसपास बताई गई है।
पीड़ित दुकानदार ने 6 नवंबर को थाना प्रभारी पिथौरा के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी की घटना की जांच करने की मांग की है।
