बसना

बसना: सिंघनपुर चौक पर बेकाबू कंटेनर ट्रक ने सोलर स्ट्रीट लाइट का पोल तोड़ा, चालक पर मामला दर्ज

तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, हादसे में कोई जनहानि नहीं; टोल प्लाजा पेट्रोलिंग सुपरवाइजर ने दर्ज कराई रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। क्षेत्र के सिंघनपुर चौक में तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की टक्कर से सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट का पोल गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। मामले में टोल प्लाजा के पेट्रोलिंग सुपरवाइजर की शिकायत पर पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम राफेल निवासी विजय कुमार बाग छुईपाली टोल प्लाजा में पेट्रोलिंग सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। 4 नवंबर 2026 को वे टोल प्लाजा कर्मचारी सोमनाथ भोई के साथ पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान दोनों सिंघनपुर की ओर जा रहे थे।

सुबह करीब 4:50 बजे जब वे सिंघनपुर चौक पहुंचे, तो देखा कि कंटेनर ट्रक क्रमांक OD11Y9988 के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए चौक में लगे सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट के पोल को टक्कर मार दी थी। टक्कर से पोल गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

विजय कुमार बाग की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने कंटेनर ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

Back to top button