बिलासपुर: सिम्स मेडिकल कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष बने बसना निवासी राज दीपक दास, 2023 बैच को मिली संगठन की कमान

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बिलासपुर। सिम्स मेडिकल कॉलेज (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में छात्र संघ के आंतरिक चुनाव संपन्न हुए। चुनाव में वर्ष 2023 बैच के छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसमें राज दीपक दास को छात्र संघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं अयान खान उपाध्यक्ष, असद रजा अंसारी सचिव तथा तमन्ना अग्रवाल संयुक्त सचिव चुनी गईं।
चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल रहा। सभी पदाधिकारियों को छात्र संघ के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आंतरिक चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने डीन डॉ. रमणेश मूर्ति से सौजन्य मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर डीन ने सभी विजयी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कॉलेज में सकारात्मक वातावरण बनाने, शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने तथा छात्र-छात्राओं की समस्याओं के निराकरण के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इस दौरान राज्य कैंसर संस्थान के एचओडी डॉ. चंद्रहास ध्रुव सहित मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारी
अध्यक्ष: राज दीपक दास
उपाध्यक्ष: अयान खान
सचिव: असद रजा अंसारी
संयुक्त सचिव: तमन्ना अग्रवाल
छात्र संघ का अध्यक्ष चुना जाना मेरे लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं सभी छात्र-छात्राओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मेरी प्राथमिकता रहेगी कि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनूं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करूं। छात्र-छात्राओं के हित, बेहतर शैक्षणिक माहौल और कॉलेज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए पूरी टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। हमारा उद्देश्य केवल पद पर रहना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की आवाज बनकर उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना है।
राज दीपक दास, नवनिर्वाचित अध्यक्ष, छात्र संघ सिम्स मेडिकल कॉलेज