बसना

बसना: एनएच-53 पर महुआ शराब बेचने ग्राहक का कर रहा था इंतजार, बसना पुलिस ने 20 लीटर शराब के साथ पकड़ा

बोहारपार के पास घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 4 हजार की शराब और 500 रुपये नकद जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बसना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एनएच-53 स्थित ग्राम बोहारपार के पास अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब और 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को प्रधान आरक्षक हरीश कुमार कंवर हमराह आरक्षक के साथ मुखबिर सूचना की तस्दीक के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोहारपार स्थित एनएच-53 रोड के पास एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।

सूचना से थाना प्रभारी शरद दुबे को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने बसना बाईपास के पास मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर मिले व्यक्ति ने अपना नाम अजय निषाद (28 वर्ष), निवासी ग्राम सिंघनपुर, थाना बसना बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद रंग की 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जर्रीकन में लगभग 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब मिली। पुलिस ने शराब की कीमत करीब 4 हजार रुपये आंकी। इसके अलावा आरोपी की जेब से 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने कुल 20 लीटर महुआ शराब और 500 रुपये नकद, कुल 4,500 रुपये की संपत्ति गवाहों के समक्ष जब्त कर शराब को सीलबंद किया। शराब रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिलने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को 6 नवंबर की रात 12:40 बजे गिरफ्तार कर मामले में विवेचना की जा रही है।

Back to top button