बसना: खंडहर मकान में सज रही थी जुए की महफिल, बसना पुलिस ने दबिश देकर चार जुआरियों को पकड़ा
बंसुला डीपा के फॉरेस्ट डिपो के पास चल रहा था 52 पत्ती का खेल, 3200 रुपये नकद, बाइक और दो मोबाइल सहित 39,200 रुपये की सामग्री जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। क्षेत्र में जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसना पुलिस ने ग्राम बंसुला डीपा में दबिश देकर कथित तौर पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 3200 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल सहित कुल 39,200 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र चन्द्राकर थाना बसना में दिवस अधिकारी के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बंसुला डीपा में फॉरेस्ट डिपो के पास स्थित एक खंडहर मकान में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम शासकीय अधिग्रहित वाहन से मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, मौके पर कुछ लोग पुलिस को देखकर भाग निकले, जबकि चार लोगों को कथित तौर पर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों में रमेश साव (55), पिंटू वैष्णव (23), विवेक भोई (20) और धनराज गोस्वामी (20) शामिल हैं। सभी का संबंध बंसुला डीपा क्षेत्र से बताया गया है। विवेक भोई मूल रूप से लिमदरहा का निवासी है और वर्तमान में बंसुला डीपा में रह रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2500 रुपये तथा जुआ फड़ से 700 रुपये, इस तरह कुल 3200 रुपये नकद जब्त किए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल कीमत 30 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन कीमत 6 हजार रुपये भी जब्त किए गए। मौके से 52 पत्ती ताश भी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 39,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।