सरायपाली

सरायपाली: किराना दुकान के सामने धारदार कत्ता लहराकर लोगों को डरा रहा था युवक, सरायपाली पुलिस ने दबोचा

राजाडीह में पुलिस की घेराबंदी, 16 इंच का लोहे का धारदार कत्ता जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। ग्राम राजाडीह में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में सरायपाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 इंच लंबा लोहे का धारदार कत्ता जब्त किया है। आरोपी के पास हथियार रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को प्रधान आरक्षक गणेशु राम बंजारे हमराह स्टाफ के साथ टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम राजाडीह में घनश्याम किराना स्टोर्स के सामने एक व्यक्ति लोहे का धारदार कत्ता लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान अर्जुन बरिहा (25 वर्ष), निवासी ग्राम राजाडीह के रूप में हुई। पुलिस ने हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी द्वारा कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 16 इंच लंबा लोहे का धारदार कत्ता जब्त किया है। इसकी कीमत लगभग 200 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, कत्ते के फल की लंबाई 11 इंच और चौड़ाई 2 इंच है।

मामले में आरोपी अर्जुन बरिहा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर 9 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button