बसना

बाल दिवस पर बसना में बच्चों के लिए अनूठी पहल: 14 नवंबर को लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य एवं विकास शिविर,राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. वर्णिका शर्मा होंगी विशेष अतिथि

नवजात से 18 वर्ष तक के बच्चों की होगी संपूर्ण स्वास्थ्य जांच, ऑटिज्म, ADHD, सिकल सेल सहित विकासात्मक समस्याओं का होगा विशेषज्ञ आकलन; जांच, परामर्श और कई सुविधाएं निःशुल्क

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। बच्चों का स्वस्थ बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है। इसी सोच के साथ बाल दिवस के अवसर पर अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं संबल (Sambal), बसना द्वारा 14 नवंबर 2026, शनिवार को एक विशेष निःशुल्क शिशु स्वास्थ्य एवं विकास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. वर्णिका शर्मा विशेष रूप से शामिल होंगी।

शिविर की खास बात यह है कि इसमें नवजात शिशुओं से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों का केवल सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण ही नहीं, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक विकास का भी विशेषज्ञों द्वारा आकलन किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में होने वाली स्वास्थ्य एवं विकास संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें उचित उपचार, थेरेपी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

सर्दी-खांसी से लेकर हृदय और किडनी संबंधी समस्याओं की जांच
शिविर में बच्चों की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत सर्दी, खांसी, बुखार, बार-बार बीमार पड़ना, कमजोरी, खून की कमी (एनीमिया), वजन एवं लंबाई का सही विकास, अत्यधिक वजन एवं मोटापा, थायरॉइड, डायबिटीज, मिर्गी, किडनी रोग तथा हृदय संबंधी समस्याओं की जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।

ऑटिज्म, ADHD और बोलने में देरी जैसी समस्याओं का होगा विशेष आकलन
बच्चों के विकास से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शिविर में ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD), ADHD, सेरेब्रल पाल्सी (CP), डाउन सिंड्रोम, बोलने एवं भाषा के विकास में देरी, सीखने में कठिनाई तथा व्यवहार संबंधी समस्याओं का विशेष परीक्षण किया जाएगा।

इसके लिए चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट, स्पीच थेरेपिस्ट, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट एवं फिजियोथेरेपिस्ट की विशेषज्ञ टीम बच्चों की जरूरत के अनुसार आकलन एवं मार्गदर्शन प्रदान करेगी। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के बेहतर विकास के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।

महासमुंद क्षेत्र में सिकल सेल जांच पर विशेष जोर
महासमुंद जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में सिकल सेल की समस्या को देखते हुए शिविर में इस बीमारी की जांच एवं जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिन बच्चों की सिकल सेल जांच नहीं हुई है, उनके लिए निःशुल्क सिकल सेल HPLC टेस्ट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार रक्त जांच, अन्य जांच एवं दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराने की जानकारी आयोजकों ने दी है।

बच्चों के दांतों की भी होगी निःशुल्क जांच
शिविर में बच्चों के दांतों एवं मुख स्वास्थ्य की जांच भी निःशुल्क की जाएगी। इसमें दांतों में सड़न एवं दर्द, दांतों के विकास, मसूड़ों की समस्याओं, टेढ़े-मेढ़े दांत तथा दांतों की सफाई से संबंधित परामर्श दिया जाएगा।

पोषण, स्तनपान और मोबाइल की लत से बचाव पर भी मिलेगा मार्गदर्शन
बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि संतुलित खानपान, अच्छी दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली से भी जुड़ा है। इसी उद्देश्य से शिविर में सही खानपान, संतुलित पोषण, कुपोषण से बचाव, स्तनपान तथा बच्चों की अच्छी नींद पर विशेष सलाह दी जाएगी।

इसके साथ ही मोबाइल, टीवी एवं लैपटॉप के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। बच्चों को खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों एवं आउटडोर खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह भी दी जाएगी।

संबल: विशेष बच्चों के विकास और पुनर्वास की दिशा में नई पहल
अग्रवाल नर्सिंग होम की नई पहल संबल (Sambal) लगभग डेढ़ माह से बसना के जगदीशपुर रोड पर संचालित है। यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, बिहेवियरल थेरेपी एवं स्पेशल एजुकेशन की सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

संबल की विशेषज्ञ टीम बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास का आकलन कर उनकी जरूरत के अनुसार थेरेपी और पुनर्वास संबंधी मार्गदर्शन देती है। इस शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक अभिभावकों तक इन सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने और बच्चों की समस्याओं की समय रहते पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी डॉ. वर्णिका शर्मा
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. वर्णिका शर्मा विशेष रूप से शामिल होंगी। वे बाल अधिकार संरक्षण एवं सैन्य मनोविज्ञान के क्षेत्र से जुड़ी प्रतिष्ठित अध्येता हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की राष्ट्रीय महामंत्री (प्रमुख) के रूप में भी उनकी भूमिका रही है।

उनके 35 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने तीन संपादकीय पुस्तकों का लेखन एवं एक पुस्तक का संकलन किया है तथा 353 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में सहभागिता की है। चांदखुरी पुलिस प्रशिक्षण अकादमी सहित सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों को प्रशिक्षण देने का अनुभव भी उनके पास है।

डॉ. एन.के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में होगा आयोजन
इस विशेष शिविर का आयोजन डॉ. एन.के. अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम के मार्गदर्शन में तथा डॉ. अमित अग्रवाल (MBBS, DCh), वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ, अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना के संयोजन में किया जा रहा है।

यहां और इस समय पहुंचे अभिभावक
शिविर का आयोजन शनिवार, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। आयोजन स्थल पुरानी अशोक अग्रवाल ऑयल मिल, जगदीशपुर रोड, बसना स्थित संबल परिसर रहेगा। शिविर में आने वाले बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।

अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 62672 27857, 77730 86100 एवं 84618 11000 जारी किए गए हैं।

आयोजकों ने बसना सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, सही विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए इस निःशुल्क शिविर का लाभ अवश्य उठाएं। क्योंकि हर बच्चे में एक संभावना छिपी है, जरूरत है उसे समय पर पहचानने, सही मार्गदर्शन देने और उसके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने की।

Back to top button