बसना: सलुजा स्टील्स की बाउंड्रीवाल के भीतर खड़े दो ट्रैक्टरों से बैटरियां पार,मामला दर्ज
रात में सुरक्षित खड़े किए गए थे दोनों ट्रैक्टर, सुबह चालू करने पहुंचे ड्राइवर तो गायब मिलीं बैटरियां; अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। बसना के खटखटी रोड स्थित सलुजा स्टील्स परिसर में खड़े दो ट्रैक्टरों से अज्ञात चोरों द्वारा बैटरियां चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोर दोनों ट्रैक्टरों में लगी एक्साइड कंपनी की बैटरियां निकालकर ले गए। चोरी गई दोनों बैटरियों की कुल कीमत करीब 15,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गुरुद्वारा रोड बसना निवासी व्यवसायी सुरेन्द्र कुमार सलुजा ने 28 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे अपने ड्राइवर राजू पटेल के माध्यम से ट्रैक्टर क्रमांक CG06B6716 और CG06A7899 को खटखटी रोड स्थित सलुजा स्टील्स की बाउंड्रीवाल के भीतर खड़ा करवाया था। उस समय दोनों ट्रैक्टरों में एक्साइड कंपनी की बैटरियां लगी हुई थीं।
अगले दिन 29 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे जब ड्राइवर राजू पटेल ट्रैक्टर चालू करने पहुंचा तो दोनों ट्रैक्टर स्टार्ट नहीं हुए। जांच करने पर पता चला कि दोनों ट्रैक्टरों से बैटरियां गायब थीं। ड्राइवर ने तत्काल मोबाइल के माध्यम से इसकी सूचना वाहन मालिक सुरेन्द्र कुमार सलुजा को दी।
सूचना मिलने पर व्यवसायी मौके पर पहुंचे और जांच की तो दोनों ट्रैक्टरों में बैटरियां नहीं मिलीं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा परिसर के भीतर खड़े दोनों ट्रैक्टरों से बैटरियां चोरी कर ली गई हैं। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत 15,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।