बसना

बसना: दुकान जा रहे युवक पर पीछे से धारदार वस्तु से हमला, गला दबाने की भी कोशिश; पुरानी रंजिश का आरोप

बसना के अरेकेलडीपा में तालाब के पास हुई घटना, पीठ और कंधे के पास चोट; युवक की शिकायत पर मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। ग्राम अरेकेलडीपा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान जा रहे युवक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीछे से किसी धारदार वस्तु से पीठ और कंधे के पास वार किया गया तथा हाथ से गला दबाने की कोशिश भी की गई। घटना में युवक को चोटें आई हैं।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अरेकेलडीपा निवासी विवेक मानिकपुरी 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे अपने घर से सामान लेने के लिए दुकान जा रहा था। इसी दौरान तालाब के पास बैठे नाजू खान ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश को लेकर उसे आवाज देकर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद नाजू खान पीछे से आया और किसी धारदार वस्तु से उसकी पीठ में कंधे के पास वार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने हाथ से उसका गला दबाने की कोशिश भी की। मारपीट के कारण युवक की पीठ और कंधे के पास चोट आई तथा गले में खरोंच आने की बात कही गई है।

घटना को गांव के मनोज पटेल द्वारा देखे-सुने जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है। घर पहुंचकर विवेक ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी और बाद में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी नाजू खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

Back to top button