ऑर्गन बेचने के लिए अपने चचेरे भाई के चार साल के बेटे की हत्या: इंटरनेट पर देखा जल्द पैसे कमाने का तरीका

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने अपने भाई के 4 साल के बेटे को शराब पिलाकर पहले उसकी हत्या की और फिर उसके शरीर के अंग को ऑनलाइन बेच रहा था. ये मामला जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के लोधेनापाठ महुआ गांव का है.
आरोपी की पहचान बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष) के रूप में हुई है और मृतक की पहचान 4 वर्षीय जितेंद्र राम के रूप में हुई है, जो 5 नवंबर से लापता था. पुलिस ने मासूम के शव को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया और इंटरनेट पर अंगों की अवैध तस्करी कर मौटा पैसा कमाकर अमीर बनना चाहता था.
जल्दी पैसा कमाने के लिए की हत्या
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने चचेरे भाई के चार साल के बेटे की हत्या कर दी. आरोपी ने जल्दी पैसे कमाने के तरीके खोजने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया था और फिर बच्चे के अंग, किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर उन्हें ऑनलाइन बेचने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, आरोपी वासुदेव को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है. बच्चे का शव जशपुर जिले के लोधेनापथ महुआ गांव के एक खेत में गड्ढे के अंदर बोरी से बरामद किया गया है.
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने रविवार को बताया कि मृतक के पिता रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर को सन्ना पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा 5 नवंबर से लापता है. जानकारी के अनुसार, रामजीत करीब एक साल पहले काम की तलाश में अपने परिवार के साथ सन्ना गांव आ गए थे और आमाचुआ नदी बांध के पास एक झोपड़ी में रहते थे. उन्होंने बताया कि आरोपी उनका चचेरा भाई (मामी का बेटा) है, अक्सर उनके घर आता-जाता था.
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को परिवार के सदस्य बच्चे को ढूंढने निकले थे. इसी दौरान रामजीत को एक मक्के के खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और रजाई में लिपटा हुआ शव मिला. पुलिस ने जांच के बाद पास के चलनी गोर्रापथ गांव के रहने वाले वासुदेव को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि वो दिहाड़ी मजदूरी से होने वाली कमाई से खुश नहीं था और ज्यादा पैसे कमाना चाहता था. पुलिस अधिकारी ने आरोपी के बयान का हवाला देते हुए बताया कि वो जल्दी पैसे कमाने के तरीके खोजने के लिए अक्सर सोशल मीडिया ब्राउज करता था.
कैसे की बच्चे की हत्या?
एक दिन उसे सोशल मीडिया पर सर्च करते समय छोटे बच्चों के अंग निकालकर बेचने का आईडिया आया. उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को आरोपी बच्चे को बहला-फुसलाकर अलग-अलग जगहों पर ले गया. उसने शराब और चिकन खरीदा और कथित तौर पर बच्चे को भी शराब पिलाई. पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि जब बच्चा नशे में धुत होकर सो गया, तो आरोपी ने चाकू से उसका गला रेत दिया. इसके बाद उसने बच्चे के शरीर को काटकर उसकी किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं और उन्हें एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया. उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने शव को एक कंबल और रजाई में लपेटा, उसे एक बोरे में भरा और खेत में पानी से भरे एक गड्ढे में डाल दिया, फिर उसे मिट्टी से ढक दिया.
मामले की जांच जारी
अधिकारी ने कहा कि आरोपी के खुलासे के आधार पर, पुलिस ने इलाके के एक गड्ढे से वो हथियार बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर इस अपराध में किया गया था. इसके साथ ही, शरीर के कटे हुए हिस्सों से भरी एक प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित चीजें भी बरामद कर ली गई है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.