भंवरपुर

बसना/भंवरपुर: शासकीय राशन दुकान का ताला काटकर चोर ले उड़े 30 कट्टा चावल और एक बोरी शक्कर पार,मामला दर्ज

चैनल गेट का ताला काटकर वारदात, चोरी गई सामग्री की कीमत 62 हजार 500 रुपये

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना/भंवरपुर। चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़गांव स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने दुकान के चैनल गेट का ताला काटकर अंदर रखे 30 कट्टा पीडीएस चावल और एक बोरी शक्कर चोरी कर ली। चोरी गए राशन की कुल मात्रा 15 क्विंटल चावल और 50 किलो शक्कर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 62 हजार 500 रुपये है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बिलखण्ड निवासी पुनेई बाई चौहान मुस्कान महिला स्व सहायता समूह की सचिव हैं। समूह द्वारा ग्राम गढ़गांव में शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन किया जाता है। दुकान की देखरेख और राशन वितरण का हिसाब-किताब भी पुनेई बाई संभालती हैं।

शिकायत के मुताबिक 28 अक्टूबर को उन्होंने रोजाना की तरह दुकान खोली थी, लेकिन बारिश होने के कारण उस दिन राशन वितरण नहीं हो पाया। इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे राशन वाले कमरे और बाहर के चैनल गेट में ताला लगाकर वह चाबी अपने साथ लेकर घर चली गई थीं।

2 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम गढ़गांव के तेजू पटेल ने फोन कर सूचना दी कि राशन दुकान के चैनल गेट का निचला हिस्सा ऊपर उठा हुआ है। सूचना मिलने पर पुनेई बाई मौके पर पहुंचीं। वहां चैनल गेट मुड़ा हुआ था और ताला आधा कटा हुआ लटका मिला। इसके बाद सरपंच और उपसरपंच को बुलाकर उनके साथ दुकान के अंदर जांच की गई।

जांच के दौरान चावल रखने वाले कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखे राशन में से 30 कट्टा चावल तथा एक बोरी शक्कर गायब थी। शिकायत के अनुसार प्रत्येक कट्टे में 50 किलो चावल था। चोरी गए 15 क्विंटल चावल की कीमत करीब 58 हजार 500 रुपये तथा 50 किलो शक्कर की कीमत 4 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब चोरी की वारदात और इसमें शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन की सुरक्षा को लेकर भी इस घटना ने सवाल खड़े किए हैं।

Back to top button