महासमुंद: सज रही थी जुए की महफिल, पुलिस ने 6 जुआरियों को दबोचा
37 हजार नगद, 4 मोबाइल और 2 दोपहिया सहित 1.17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर के वार्ड नंबर 02 ईमलीभांठा में जुआ खेल रहे छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 37 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल फोन, दो दोपहिया वाहन और ताश की गड्डी सहित कुल 1 लाख 17 हजार 60 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर की रात प्रशिक्षु उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना कोतवाली का स्टाफ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ईमलीभांठा क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं और हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर छह लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उनकी पहचान हेमंत चन्द्राकर (43), वेदकुमार यादव (26), मेघनाथ साहू (35), रवि साहू (20), हरीश निषाद (23) और गोविन्द निषाद (26) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से अलग-अलग रकम बरामद की। कार्रवाई के दौरान कुल 37 हजार रुपये नगद जब्त किए गए। इसके अलावा चार मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये तथा दो मोटर साइकिल/स्कूटी की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश की एक गड्डी और प्लास्टिक बोरी भी जब्त की। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1,17,060 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तारी के कारण एवं आधार की जानकारी देकर गिरफ्तार किया गया तथा उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।