बसना: नाचा देखने निकली 25 वर्षीय युवती लापता, एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला सुराग
पिलवापाली से गढ़फुलझर जाने के लिए निकली थी युवती, परिजनों की तलाश के बाद पुलिस ने शुरू की खोजबीन

छतीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। थाना बसना क्षेत्र के ग्राम पिलवापाली से 25 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे घर से नाचा देखने के लिए गढ़फुलझर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां तलाश किए जाने के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार युवती के घर से निकलने के बाद जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के स्थानों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन युवती के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने 26 अक्टूबर 2026 को थाना बसना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में गुम इंसान युवती की तलाश शुरू कर दी है।
यह है लापता युवती का हुलिया
पुलिस के अनुसार लापता युवती की उम्र 25 वर्ष, कद करीब 4 फीट 8 इंच, चेहरा लंबा, बाल काले, शरीर सामान्य तथा रंग सांवला है। वह घटना के समय पीले रंग की टॉप और काले रंग की लेगिस पहने हुए थी। युवती ने कक्षा पहली तक पढ़ाई की है और हिंदी तथा छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति के अपहरण या जबरन रोककर रखने को लेकर कोई आरोप अथवा संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। हालांकि युवती का वर्तमान ठिकाना और सुरक्षा अज्ञात होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पता तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार धारा की प्रयोज्यता विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के अधीन रहेगी। मामले की जांच थाना बसना पुलिस द्वारा की जा रही है। गुमशुदगी की सूचना संबंधित थाना/चौकी प्रभारियों एवं डीसीबी शाखा महासमुंद को भेजी गई है। युवती की तलाश लगातार जारी है।