SET26 के मॉडल उत्तर जारी, 10 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ रायपुर। उच्च शिक्षा संचालनालय के अंतर्गत छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (पूर्व नाम व्यापमं) द्वारा 4 अक्टूबर 2026 को आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (SET26)-Paper-II (Computer Science and Applications) के मॉडल उत्तर जारी कर दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा के मॉडल उत्तर मंडल की वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर 2 नवंबर 2026 से प्रदर्शित किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपने प्रश्नपत्र के मॉडल उत्तर देख सकते हैं।
मॉडल उत्तर में किसी प्रश्न अथवा उत्तर को लेकर असहमति होने पर अभ्यर्थी 10 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक अपने प्रोफाइल में लॉगिन कर ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। दावा-आपत्ति केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएगी। डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत की गई दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क निर्धारित
मंडल ने स्पष्ट किया है कि मॉडल उत्तर पर दावा-आपत्ति दर्ज करने के लिए अभ्यर्थी को प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। शुल्क भुगतान के बिना दावा-आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया पूर्ण नहीं मानी जाएगी।
दावा-आपत्ति दर्ज करने के लिए अभ्यर्थी को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और पासवर्ड के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आपत्ति दर्ज करनी होगी। आपत्ति के समर्थन में आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी पहले से तैयार रखने तथा दावा-आपत्ति दर्ज करने के बाद उसकी पावती डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।
मंडल ने कहा है कि निर्धारित तिथि और समय के बाद पोर्टल पर दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। बिना प्रमाण के प्रस्तुत की गई दावा-आपत्ति को अमान्य किया जाएगा। प्राप्त दावा-आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जाएगा तथा विशेषज्ञों का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।