सरायपाली

सरायपाली/बसना। पटवारियों की हड़ताल पर प्रशासन सख्त, बसना-सरायपाली में 67 को कारण बताओ नोटिस; छह पटवारी काम पर लौटे

बसना में तिलकराम चौधरी के निलंबन के बाद अब अन्य पटवारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी, तहसीलदारों ने 24 घंटे में मांगा जवाब

देशराज दास छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ सरायपाली/बसना। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। लंबे समय से कामकाज से अनुपस्थित पटवारियों के खिलाफ बसना और सरायपाली तहसील में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दोनों तहसीलों के तहसीलदारों ने कुल 67 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सरायपाली में हड़ताल से वापस लौटे छह पटवारियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर अपना कामकाज भी संभाल लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते तहसील क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने पटवारियों की इस अनुपस्थिति को अनधिकृत मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 6 एवं 7 का उल्लंघन बताया है।

बसना में 30 पटवारियों को नोटिस
तहसीलदार बसना द्वारा 12 नवंबर 2026 को जारी कारण बताओ नोटिस में 30 पटवारियों को शामिल किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि 13 अक्टूबर से लगातार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहकर अपने पदीय कर्तव्यों से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहना नियमों का उल्लंघन है। पटवारियों को 24 घंटे के भीतर उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सरायपाली में 37 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस
इसी तरह तहसीलदार सरायपाली ने भी 12 नवंबर को 37 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि हड़ताल के दौरान बिना पूर्व स्वीकृति के सामूहिक रूप से अनुपस्थित रहना अनधिकृत माना जाएगा। साथ ही अनुपस्थिति की अवधि का वेतन देय नहीं होने और इस अवधि को ब्रेक-इन-सर्विस मानने की बात कही गई है। संबंधित पटवारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

तिलकराम चौधरी के निलंबन के बाद बढ़ी कार्रवाई की चर्चा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बसना क्षेत्र के पटवारी तिलकराम चौधरी को निलंबित किया गया था। इसके बाद अब बसना और सरायपाली के पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने से राजस्व विभाग में कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रशासन के इस कदम को हड़ताल के बीच पटवारियों पर दबाव बढ़ाने और राजस्व कार्यों को सुचारु करने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

सरायपाली में छह पटवारी लौटे काम पर
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सरायपाली से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। यहां हड़ताल समाप्त कर छह पटवारी वापस काम पर लौट आए हैं। इन पटवारियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कामकाज संभाल लिया है। इससे क्षेत्र के राजस्व संबंधी कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

फिलहाल बसना और सरायपाली में जारी प्रशासनिक कार्रवाई के बीच पटवारियों के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि कारण बताओ नोटिस के जवाब में पटवारी क्या रुख अपनाते हैं और हड़ताल को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।

Back to top button