बसना: जमीन बंटवारे को लेकर विवाद, भूमि पूजन करने पहुंचे किसान पर डंडे से हमला; पत्नी से भी मारपीट?

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। बसना । जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर मारपीट तक पहुंच गया। भवन निर्माण के लिए अपनी बंटवारे की भूमि पर भूमि पूजन करने पहुंचे किसान के साथ उसके चचेरे भाई और चाचा द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अरविंद साहू और रोहित साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम भीखापाली निवासी कैलाश साहू खेती-किसानी का काम करते हैं। 11 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी पत्नी पदमिनी साहू, चाचा नेमिचंद साहू और मिस्त्री रमेश बंजारा के साथ अपनी बंटवारे में मिली भूमि पर भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके चाचा का बेटा अरविंद साहू अपने पिता रोहित साहू के साथ वहां पहुंचा।
आरोप है कि जमीन बंटवारे की बात को लेकर दोनों ने कैलाश साहू के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान अरविंद साहू ने पास में रखे डंडे से उनके सिर पर वार कर दिया, जबकि रोहित साहू ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में कैलाश साहू के सिर से खून निकलने लगा।
शिकायत के मुताबिक, पति के साथ मारपीट होते देख पत्नी पदमिनी साहू बीच-बचाव करने पहुंची तो अरविंद साहू ने उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर मौजूद मिस्त्री रमेश बंजारा और नेमिचंद साहू ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित कैलाश साहू ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।