पिथौरा: चाकू दिखाकर राहगीर से लूट, पिथौरा पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे दो आरोपी
लूटा गया रियलमी मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ पिथौरा। काठी ढाबा के पास राहगीर को चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने के मामले में पिथौरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया रियलमी कंपनी का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिछिया (टांडापारा), थाना बसना निवासी निमेश कुमार राठौर (21) 12 नवंबर को रायपुर जाने के लिए अपने घर से निकला था। दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वह पिथौरा के काठी ढाबा के पास पहुंचा, तभी दो अज्ञात युवकों ने उसे चाकू दिखाकर रोक लिया और रुपये-पैसों की मांग करने लगे। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने उसका रियलमी कंपनी का मोबाइल लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर पिथौरा थाना में 13 नवंबर को अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 300/2026, धारा 309(4), 311 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना में शामिल युवकों के हुलिए के आधार पर आसपास के लोगों से पूछताछ और लगातार पतासाजी की गई। इस दौरान पुलिस को दो संदिग्धों के संबंध में सुराग मिला। संदेह के आधार पर रजिन्दर सिंह (21), निवासी टप्पा सेवैया तथा नवीन दीवान (19), निवासी वार्ड क्रमांक 02, बस्तीपारा पिथौरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के अलग-अलग मेमोरेंडम कथन के आधार पर रजिन्दर सिंह के कब्जे से लूटा गया रियलमी कंपनी का मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है, तथा नवीन दीवान के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू जब्त किया। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का खुलासा होने के साथ ही लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया।