महासमुंद: धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई,300 कट्टा धान जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आज 14 नवंबर को राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम बोदरीदादर में कार्रवाई करते हुए भेख लाल चंद्राकर के गोदाम से 300 कट्टा अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया। जब्त धान को आगे की कार्रवाई के लिए मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया है।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार तथा बागबाहरा एसडीएम के मार्गदर्शन में की गई। जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध संग्रहण, परिवहन एवं अनियमितताओं पर नजर रखने के लिए विभागीय टीमों को सक्रिय किया गया है।
धान खरीदी के लिए व्यापक तैयारी
ज्ञातव्य है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ हो रही है। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिले में 15 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही निगरानी के लिए उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। जिले के 202 धान उपार्जन केंद्रों के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध संग्रहण अथवा बिचौलियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।