बसना ब्लॉक में आज से शुरू हुई धान खरीदी, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ, किसानों में दिखा उत्साह

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का इंतजार कर रहे किसानों के लिए 15 नवंबर का दिन खास रहा। प्रदेशभर के साथ महासमुंद जिले के बसना विकासखंड में भी आज से धान खरीदी का कार्य विधिवत शुरू हो गया। बसना ब्लॉक के सभी धान खरीदी केंद्रों में नए खरीदी सत्र का शुभारंभ किया गया। खरीदी शुरू होने के साथ ही केंद्रों में किसानों की आवाजाही बढ़ी और अन्नदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
धान खरीदी के पहले दिन बसना,गढ़पटनी,रसोड़ा,भूकेल बाराडोली,परसकोल,कुरचुंडी, टांगापासा सहित सभी धान खरीदी केंद्र में जनप्रतिनिधियों, सहकारी समिति के पदाधिकारियों एवं किसानों की उपस्थिति में विधिवत शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला सदस्य त्रिलोचन नायक, पीरदा भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान, सरकंडा सोसायटी अध्यक्ष संतोष नायक, अजगरखार सरपंच गोपाल नायक, जनपद सदस्य हेमकुमारी डोलचंद नायक, ढालम सरपंच सेतबाई धनेश्वर चौहान, सरकंडा सरपंच कुंजमन नायक, सोसायटी व्यवस्थापक संजय साहू, खरीदी प्रभारी सेवन चौधरी एवं पूर्व सोसायटी अध्यक्ष गणेश राम पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
किसानों को दी गई कृषक उन्नति योजना की जानकारी
शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिला सदस्य त्रिलोचन नायक ने किसानों को शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने योजना की पात्रता, लाभ एवं निर्धारित प्रावधानों के बारे में बताते हुए कहा कि शासन द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी रखकर उनका लाभ उठाना चाहिए।
व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुआ नया खरीदी सत्र
धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों को अपनी उपज बेचने का इंतजार खत्म हुआ। खरीदी केंद्रों में धान विक्रय की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने खरीदी कार्य में पारदर्शिता, व्यवस्थित संचालन और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने की बात कही।
गौरतलब है कि बसना विकासखंड कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में किसान धान की खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। नए खरीदी सत्र के आगाज के साथ ही पूरे बसना ब्लॉक के धान खरीदी केंद्रों में रौनक लौट आई है और किसानों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी खरीदी प्रक्रिया सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।