बसना

बसना/भंवरपुर: जमीन पर कांटा तार लगाने के दौरान विवाद, हाथ में टंगिया लेकर पहुंचा ग्रामीण; जान से मारने की धमकी देने का आरोप

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। बसना/भंवरपुर। जमीन की घेराबंदी को लेकर दो ग्रामीणों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम उड़ेला में अपनी भूमि पर कांटा तार लगाने के लिए गड्ढा कर रहे व्यक्ति के साथ गाली-गलौज कर हाथ में टंगिया लेकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर भंवरपुर चौकी पुलिस ने आरोपी मुनुराम पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम उड़ेला निवासी जयनारायण साहू 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे अपनी स्वामित्व की भूमि खसरा नंबर 1051, रकबा 0.03 पर कांटा तार से घेराबंदी करने के लिए गड्ढा कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही मुनुराम पटेल हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और जमीन के कुछ हिस्से को अपना बताते हुए घेराबंदी करने पर आपत्ति जताने लगा।

आरोप है कि इस दौरान मुनुराम पटेल ने जयनारायण साहू के साथ गाली-गलौज की। जब जयनारायण ने जमीन को अपने नाम पर बताते हुए घेराबंदी करने की बात कही, तो आरोपी ने हाथ में रखी टंगिया के साथ उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना को गांव के ही हिरालाल टंडन द्वारा देखे जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।

घटना के बाद जयनारायण साहू ने भंवरपुर चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

Back to top button