बसना

बसना: ओडिशा से नशे की खेप लेकर आ रही कार बसना में पकड़ाई, 5 आरोपी गिरफ्तार; 5.78 लाख का सामान जब्त

बसना में नशे की खेप पर पुलिस का शिकंजा, बलेनो कार से कफ सिरप और नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। बसना। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसना पुलिस ने पदमपुर (ओडिशा) की ओर से आ रही नीले रंग की बलेनो कार से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप और नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद की है। पुलिस ने कार में सवार पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 नग नशीली कफ सिरप की शीशियां, 90 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट, एक बलेनो कार और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 78 हजार 765 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र भोई को मुखबिर से सूचना मिली कि पदमपुर (ओडिशा) की ओर से नीले रंग की बलेनो कार क्रमांक CG 04 PA 9622 में कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली सिरप और टैबलेट लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पदमपुर रोड पर थाना बसना के सामने जांच शुरू की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का संकेत दिया तो चालक ने वाहन पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम अजय कुमार साहू (40 वर्ष), निवासी सरगांव साबा, जिला मुंगेली बताया। उसके साथ कार में मनीष साहू (31 वर्ष), निवासी तेलीबांधा रायपुर, गुलशन कुमार वर्मा (27 वर्ष), निवासी सिलतरा रायपुर, सूरज पुष्टि (21 वर्ष), निवासी कांटाभांजी, जिला बलांगीर तथा नितेश कुमार बारले (20 वर्ष), निवासी सिलतरा रायपुर सवार थे।

पुलिस के मुताबिक, नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई के दौरान कार की डिक्की में रखे राजश्री पान मसाला लिखे कपड़े के थैले से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप और टैबलेट बरामद हुई। इनमें कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त 100-100 एमएल की कुल 15 शीशियां, यानी 1500 एमएल सिरप तथा नाइट्राजेपाम की 9 पत्तियों में कुल 90 टैबलेट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से इनके परिवहन और कब्जे के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नीले रंग की बलेनो कार की कीमत 5 लाख रुपये, नशीली सिरप की कीमत 3,045 रुपये, टैबलेट की कीमत 720 रुपये तथा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त मशरूका की कुल कीमत 5,78,765 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 14 नवंबर को क्रमशः 13:15 बजे से 13:35 बजे के बीच गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।

Back to top button