बसना

बसना: बीयर देने को लेकर विवाद, शराब दुकान के सुपरवाइजर पर बोतल से हमला,मामला दर्ज

बीयर की बोतल बनी हमले का हथियार, शराब दुकान के सुपरवाइजर का सिर फोड़ा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में बीयर देने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने शराब दुकान के सुपरवाइजर के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखी बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में सुपरवाइजर के सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चला गया। मामले में बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से अनुसार, प्रार्थी ग्राम बरगांव का निवासी अनुज कुमार है और वर्तमान में बसना स्थित मदिरा दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। घटना 15 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। प्रार्थी के मुताबिक, वह दुकान में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति दुकान पहुंचा और बीयर की मांग करने लगा। प्रार्थी ने उसे बताया कि बीयर का नया स्टॉक आया है, लेकिन फिलहाल स्कैन नहीं हो रहा है। इस पर वह व्यक्ति दूसरी शराब खरीदकर वहां से चला गया।

कुछ समय बाद वह दोबारा दुकान पहुंचा और बीयर मांगने लगा। उस समय प्रार्थी अंग्रेजी शराब दुकान के गेट पर मौजूद था। बीयर देने के बाद आरोपी ने दुकान के गेट के पास आकर पहले बीयर नहीं देने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते वह गाली-गलौज करने लगा और अपने हाथ में रखी बीयर की बोतल से प्रार्थी अनुज कुमार के सिर पर वार कर दिया। इससे उसके सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा। इस दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल सुपरवाइजर को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल बसना ले जाया गया। प्रार्थी ने घटना के लिए चन्द्रशेखर निवासी बिछिया को जिम्मेदार बताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मामले में थाना बसना पुलिस ने  आज 16 नवंबर 2026 को मामला दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

Back to top button