बसना: पलसापाली बैरियर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 115 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ रायपुर के दो तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से रायपुर ले जा रहे थे प्रतिबंधित सिरप, पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी; बाइक सहित 73,395 रुपये का सामान जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। महासमुंद जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बसना पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने पलसापाली बैरियर पर नाकेबंदी के दौरान प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करते रायपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 115 शीशी प्रतिबंधित विंसेरेक्स कफ सिरप, जिसकी कुल मात्रा 11,500 एमएल है, बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त सुजुकी बर्गमैन दोपहिया वाहन सहित कुल 73,395 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को बसना पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम पलसापाली बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से सफेद रंग के सुजुकी बर्गमैन वाहन क्रमांक सीजी-04 आरबी-1095 में सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस चेकिंग देखकर दोनों घबरा गए और वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मिर्जा एजाज (32 वर्ष), पिता मिर्जा युसूफ, निवासी संतोषी नगर, टिकरापारा, रायपुर तथा शेख अशफाक (38 वर्ष), पिता शेख इकबाल, निवासी शास्त्री मार्केट, थाना गोल बाजार, रायपुर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से अवैध नशीली कफ सिरप खरीदकर बिक्री के लिए रायपुर ले जाना बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे पिट्ठू बैग से 100-100 एमएल की 115 शीशी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 11,500 एमएल एवं कीमत 23,395 रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी बर्गमैन वाहन, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है, भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 73,395 रुपये का कुल संपत्ति जब्त किया है।
आरोपियों के पास प्रतिबंधित दवा रखने एवं परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना बसना में अपराध क्रमांक 650/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(2)(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।