बसना

महासमुंद/बसना: जमीन विवाद में महिला से मारपीट, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

बाड़ी में घासनाशक दवा का छिड़काव कराने पर हुआ विवाद, महिला ने पति-पत्नी के खिलाफ थाने में दर्ज कराई शिकायत

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना । जमीन विवाद को लेकर ग्राम मोहका में एक महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। बाड़ी में घासनाशक दवा का छिड़काव कराने के दौरान पड़ोसी दंपती से विवाद हो गया। पीड़िता पुष्पांजलि बारीक ने खिरोदनी साहू और उनके पति लोकनाथ साहू पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, पुष्पांजलि बारीक गृहणी हैं और उनके घर के सामने करीब पांच डिसमिल की बाड़ी है, जिस पर उनका कई वर्षों से कब्जा है। पीड़िता का कहना है कि इस जमीन से लगी हुई खिरोदनी साहू की जमीन भी है, जिसका खसरा नंबर अलग है।

शिकायत के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे पुष्पांजलि अपनी बाड़ी में काम करा रही थीं। इस दौरान उन्होंने अपने नौकर राजेश भोई से घास नष्ट करने वाली दवा का छिड़काव करवाया। इसी बीच खिरोदनी साहू और उनके पति लोकनाथ साहू वहां पहुंचे और अपनी जमीन बताते हुए दवा का छिड़काव करने पर आपत्ति जताई।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दवा छिड़काव कर रहे राजेश भोई से स्प्रे का हैंडल छीनने की कोशिश की गई। आरोप है कि इसी दौरान खिरोदनी साहू ने पुष्पांजलि के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

घटना के समय पूर्णचंद्र प्रधान, राजेश भोई और बिनीता बारीक मौजूद थे, जिन्होंने घटना देखी-सुनी और बीच-बचाव किया। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि धमकी मिलने से वह भयभीत हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई चाहती हैं।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

Back to top button