महासमुंद/कोमाखान: विशाखापट्टनम से सहारनपुर ले जा रहे थे 65.910 किलो गांजा, कोमाखान में कार सहित दो पकड़ाए
ऑपरेशन निश्चय के तहत ANTF और कोमाखान पुलिस की कार्रवाई, 32.95 लाख का गांजा बरामद; कार और दो मोबाइल सहित 34.60 लाख की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़।कोमाखान। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हुंडई कार से गांजे की खेप ले जा रहे एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने कार की डिक्की से 65.910 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 32 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी गई है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल हुंडई कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 34 लाख 60 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में दो व्यक्ति ओडिशा के खरियार रोड की ओर से गांजा लेकर महासमुंद की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की टीम ने टेमरी नाका पर निगरानी बढ़ाते हुए वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध हुंडई कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम आदित्य शर्मा (24) बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक मौजूद था। दोनों ने अपना निवास गंगोह, गुलाम मोहल्ला, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तरप्रदेश) बताया।
पुलिस द्वारा गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 65.910 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश) से लेकर सहारनपुर (उत्तरप्रदेश) ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल हुंडई कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
34.60 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस के मुताबिक, बरामद 65.910 किलो गांजे की कीमत 32,95,500 रुपये, हुंडई कार की कीमत करीब 1,50,000 रुपये और दो मोबाइल की कीमत करीब 15,000 रुपये है। इस तरह कुल 34,60,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 212/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे के नाबालिग होने के कारण उसे विधि से संघर्षरत बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है।
आंध्रप्रदेश से उत्तरप्रदेश तक गांजे की खेप पहुंचाने की कोशिश नाकाम
पुलिस की इस कार्रवाई से गांजे की बड़ी खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की कोशिश नाकाम हो गई। अब पुलिस मामले में गांजे के स्रोत, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और इसके आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच कर रही है।