महासमुंद : धान जब्ती कार्रवाई में महासमुंद जिला छत्तीसगढ़ में दूसरे स्थान पर,23 दिनों में 54 प्रकरणों में 6,110.09 क्विंटल धान जब्त
23 दिनों में 54 प्रकरणों में 6,110.09 क्विंटल धान जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में राज्य शासन की मंशानुरूप जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धान जब्ती की कार्रवाई में महासमुंद जिला छत्तीसगढ़ में दूसरे स्थान पर है।
जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से प्राप्त 1 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में धान से संबंधित कुल 54 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में कुल 6,110.09 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसके साथ महासमुंद जिले ने प्रदेश में धान जब्ती कार्रवाई के मामले में द्वितीय रैंक हासिल की है। जारी रिपोर्ट के अनुसार जब्त धान में से 5,798.09 क्विंटल धान संबंधित व्यक्तियों को सुपुर्द किया गया है, जबकि 312 क्विंटल धान पुलिस थाना अथवा अन्य प्राधिकृत एजेंसी को सौंपा गया है।
इस अवधि में मिलों की भौतिक सत्यापन जांच के दौरान कमी मात्रा से संबंधित एक प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, मिलों एवं समितियों के पीवी जांच में जब्ती से संबंधित कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं पर नियंत्रण रखने तथा अवैध धान के संग्रहण एवं परिवहन पर निगरानी के लिए विभाग द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है।