महासमुंद

महासमुंद: 18 वर्षीय युवती लापता, 8 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग; पुलिस ने दर्ज किया मामला

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। जिले के एक गांव से 18 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 14 नवंबर की दोपहर घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर उसके चाचा ने 22 नवंबर को महासमुंद थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,लड़की के चाचा ने बताया कि उनकी भतीजी, उम्र 18 वर्ष 8 माह, 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे घर से अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी युवती का सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले में पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 155/2026 कायम कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस धारा की प्रयोज्यता जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर तय होगी।

यह है लापता युवती की पहचान
पुलिस के अनुसार युवती का रंग सांवला, कद लगभग 5 फीट 4 इंच और चेहरा लंबा है। उसके बाल काले हैं तथा बाएं होंठ पर तिल का निशान है। युवती ने कक्षा 10वीं तक पढ़ाई की है और हिंदी व छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।

पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना जिले के सभी थाना-चौकियों और डीसीबी शाखा महासमुंद को भेज दी है। युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button