बसना

बसना में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, तीन गांवों में दबिश देकर 19 लीटर से अधिक शराब जब्त

बसना, दुर्गपाली और मेढ़ापाली में कार्रवाई, 300 मिलीलीटर मदिरा से जुड़े आबकारी एक्ट के तीन अन्य प्रकरण भी कायम

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना।
अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बसना आबकारी विभाग ने क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 19.05 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3,900 रुपये बताई गई है। इसके अलावा आबकारी एक्ट की धारा 36(C) के तहत भी तीन प्रकरण कायम कर 300 मिलीलीटर मदिरा जब्त की गई है।

आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई चिरगाढ़ोड़ा में की गई। यहां 21 वर्षीय मनोज पारेश्वर के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क), (च), (ई), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान चढ़ी भट्ठी सहित 11 बल्क लीटर महुआ मदिरा जब्त की गई।

दूसरी कार्रवाई दुर्गपाली में हुई, जहां 35 वर्षीय दुर्योधन भोई के कब्जे से 4 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) के तहत मामला कायम किया गया। वहीं तीसरी कार्रवाई मेढ़ापाली में की गई। यहां 51 वर्षीय उदेराम बारीक के पास से 4.05 लीटर महुआ मदिरा जब्त कर आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

तीनों मामलों में जब्त महुआ मदिरा की कुल मात्रा 19.05 बल्क लीटर और अनुमानित बाजार मूल्य 3,900 रुपये है। इसके अतिरिक्त धारा 36(C) के तहत दर्ज तीन प्रकरणों में 300 मिलीलीटर मदिरा की जब्ती भी की गई है।

अवैध शराब के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई: तिरपुड़े
अवैध महुआ शराब का निर्माण और बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। बसना क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। जहां भी अवैध शराब बनाने, रखने या बेचने की जानकारी मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। हमारा उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक हृदय कुमार तिरपुड़े, प्रधान आरक्षक राजकिशोर पाण्डेय, आबकारी आरक्षक भारती काशी, देवेश मांझी सहित संयुक्त आबकारी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button